दो गुटों में चले जमकर लात-घूंसे, मेडिकल में फायरिंग, डॉक्टरों ने की हड़ताल

एएमयू में चल रहे हॉर्स शो के दौरान दो गुटों में मारपीट हो गई। लात-घूंसे तक चले। जेएन मेडिकल कॉलेज में फिर से दोनों गुट आपस में भिड़ गए। इसके बाद डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। इसमें पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। एक युवक से तमंचा भी मिला है।अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के एथलेटिक्स मैदान पर 22 अप्रैल को राइडिंग क्लब की ओर से आयोजित हॉर्स शो में पीछे हटकर बैठने को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चल गए। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के घायल साथियों के साथ जेएन मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। जहां फिर से दोनों गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट के साथ यहां कई राउंड फायरिंग भी हो गई। इसके बाद डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। इस घटना के बाद छात्रों में आक्रोश है। उधर, फायरिंग व मारपीट की सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने तमंचे समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। देर रात तक पुलिस को मामले में तहरीर मिलने का इंतजार था।एएमयू में हॉर्स शो का आयोजन चल रहा था। यहां खेलने वाले खिलाड़ी अदि व दूसरे अदील नामक छात्र के बीच मैदान पर पीछे हटकर बैठने की बात को लेकर बहस हो गई। बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच में मारपीट हो गई। फिर दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मैदान पर बुला। इसके बाद दोनों गुटों में खूब लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट होते देख लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली तो माैके पर आ गई। इस बीच पीड़ित छात्र अदी अपने साथियों के साथ प्रॉक्टर ऑफिस पहुंच गया, उसने वहां आपबीती बताई। इसके बाद पीड़ित को जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष का छात्र अदील अपने चार-पांच साथियों के साथ मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी में खुद का मेडिकल कराने पहुंच गया। जहां दोनों गुटों के बीच फिर से गर्मागर्म बहस हो गई जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि यहां तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी गई। इससे मेडिकल इमरजेंसी के आस-पास अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद रात आठ बजे डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी कोई सुरक्षा नहीं है। अगर उन्हें गोली लग जाती तो कौन जिम्मेदार होता। हड़ताल के बाद मरीज लौट गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को चोटें भी आईं हैं। सिविल लाइंस पुलिस ने माैके पर पहुंचकर तमंचे के साथ सुहैल, जैद अल्तमश समेत पांच हमलावरों को पकड़ लिया। फिर उन्हें थाने ले आई। जहां देर रात तक उनसे हिरासत में लेकर पूछताछ जारी थी।दो गुटों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई थी। इसमें पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। एक युवक से तमंचा भी मिला है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – अभय पांडेय, सीओ, सिविल लाइंसएएमयू के एथलेटिक्स मैदान पर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। पीड़ित को साथियों ने जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया। लड़ाई करने वाले छात्र है या बाहरी इसके बारे में जानकारी की जा रही है। – प्रो. मोहम्मद वसीम अली, प्रॉक्टर, एएमयू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!