गांव से अचानक पांच लड़कियां गायब हो गईं। परिवारों के होश उड़ गए। पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने एसओजी को कमान साैंपी। पांचों लड़कियों को मथुरा से बरामद किया गया।जनपद अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र के एक ही गांव से परिजनों को बिना बताए घर छोड़कर निकली पांच नाबालिग लड़कियों को बरामद करने में गोवर्धन पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बरामद लड़कियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच में है। इस संबंध में थाना अतरौली अलीगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटनाक्रम के अनुसार 25 मार्च को थाना अतरौली में दर्ज कराए मुकदमे में देवेन्द्र कुमार पुत्र नारायण दत्त निवासी ग्राम जमनपुर थाना अतरौली जिला अलीगढ़ ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री अचानक घर से बिना बताए गायब हो गई है। इस पर खोजबीन की गई तो उसी गांव में जानकारी हुई कि अलग-अलग घरों से चार लड़कियां भी गायब हैं। एक साथ गायब होने की आशंका हुई तो मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस को तलाशी अभियान के दाैरान गायब हुई लड़कियों के मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में होने का सुराग मिला। इस पर प्रशिक्षु आईपीएस गोल्डी गुप्ता ने मय फोर्स एवं एसओजी मथुरा के साथ तलाशी अभियान शुरू किया। गायब हुई पांचों लड़कियों को दानघाटी मंदिर के समीप से बरामद कर लिया। प्रशिक्षु आईपीएस थाना प्रभारी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि बरामद की गई लड़कियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच में है। सभी को उनके परिजनों को सौंप दिया है। डीआईजी व एसएसपी मथुरा ने बताया कि फोन से अलीगढ़ पुलिस ने सूचना दी कि अलीगढ़ से गायब हुई पांच लड़कियों की मथुरा जनपद में होने की संभावना है। इस पर सभी लड़कियों को गोवर्धन से सकुशल बरामद किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, राकेश यादव एसओजी प्रभारी मथुरा, एसआई यशपाल सिह, सुधीर कुमार, प्रवीण कुमार, अभिनय, प्रेमपाल, पुष्पेन्द्र आदि शामिल रहे।